March 4, 2026

मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण से टेबलवार रिहर्सल कराया गया

अल्मोड़ा,  ( आखरीआंख )  लोकसभा सामान्य निर्वाचन की मतगणना को सफलतापूर्ण सम्पन्न कराये जाने हेतु आज मतगणना कार्मिको का द्वितीय प्रशिक्षण एस0एस0जे0 परिसर के आॅडिटोरियम एवं मतगणना स्थल होटल मैनेजमेन्ट संस्थान में सम्पन्न हुआ। जिसमंे कार्मिको को व्यवहारिक एवं सैद्धान्तिक प्रशिक्षण से टेबलवार रिहर्सल भी कराया गया ताकि मतगणना के समय किसी प्रकार की कठिनाई न हो। इस दौरान ईटीपीबीएस से प्राप्त पोस्टल बैलट की स्केनिग हेतु नियुक्त गणना सहायक, सुपरवाईजर व ए0आर0ओ0 सहित 230 कार्मिको को यह प्रशिक्षण दिया गया। कार्मिको को सम्बोधित करते हुये जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि कार्मिक पूरी निष्पक्षता व जिम्मेदारी के साथ दिये गये कार्यो का निर्वहन करें, इसके अलावा मतगणना के दौरान शतप्रतिशत कार्य शुद्धता एवं त्रुटिरहित हो इसका विशेष ध्यान रखे। उन्होने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कर किसी भी संशय की स्थिति में सम्बन्धित ए0आर0ओ0 से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया जाये।उन्होने कहा कि मतगणना निर्वाचन का महत्वपूर्ण चरण है इसमें छोटी सी गलती होने पर पूरी निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसलिये विशेष सावधानी के साथ मतगणना के कार्यो को सम्पन्न कराया जाये।
नोडल अधिकारी ईटीपीबीएस एवं पोस्टल बैलट डा0 एस0के0 उपाध्याय ने उपस्थित कार्मिको को क्यूआर स्कैन कोड की स्केनिंग में बरती जाने वाली महम्त्वपूर्ण सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होने बताया कि ईटीपीबीएस से प्राप्त पोस्टल बैलट की स्केनिंग किये जाने से पोस्टल बैलट के डुप्लिकेट होने की सम्भावना समाप्त हो जाती है इसी कारण निर्वाचन आयोग द्वारा स्केनिंग प्रक्रिया अपनायी जा रही है। उन्होने बताया कि स्केनिग की यह प्रक्रिया प्री काउन्टिग के अन्तर्गत आती है।
इस दौरान नोडल अधिकारी ने कहा कि समस्त प्रक्रिया कम्प्यूटर के माध्यम से आॅनलाईन सम्पादित की जानी है। उन्होने कार्मिको से कहा कि यदि किसी कारणवश क्यूआर कोड स्कैन नही होता है तो उस स्थिति में मैनुअल रूप से आॅनलाईन ही पोस्टल बैलेट की गणना की जायेगी। इस दौरान उन्होने विभिन्न प्रपत्रों एवं उन्हे स्कैन किये जाने की प्रक्रिया  के बारे में पावर प्वाइन्ट के माध्यम से उपस्थित कार्मिको को विस्तृत रूप से बताया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी निर्वाचन मनुज गोयल, उपजिला निर्वाचन अधिकारी बी0एल0 फिरमाल, नोडल अधिकारी, प्रशिक्षण नरेश कुमार, प्रभारी अधिकारी, प्रशिक्षण डा0 अजीत तिवारी, हेम जोशी, डा0 सुशील कुमार, सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश तिवारी, आपदा प्रबन्धन अधिकारी राकेश जोशी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

You may have missed