केदारनाथ यात्रा के दौरान पहाड़ी किचन का लीजिए आनंद
रुद्रप्रयाग, ( आखरीआंख ) केदारनाथ यात्रा में आये तीर्थयायात्री पहाड़ी कीचन का जमकर आनंद ले रहे हैं। यात्रा पड़ाव के सोनप्रयाग में यह दुकान खोली गई है, जिसमें पहाड़ी उत्पादों से बने व्यंजनों को परोसा जा रहा है। श्रद्धालु पहाड़ी किचन में आकर व्यंजनों का मजा ले रहे हैं।
दरअसल, यात्रा के दौरान बहुत से श्रद्धालु पहाड़ी खाना खाने का शौक रखते हैं। श्रद्धालुओं के इसी शौक को पूरा करने के लिए सोनप्रयाग में पहाड़ी किचन रेस्टोरेंट को खोला गया है। जिला प्रशासन की पहल पर स्थानीय लोगों ने यह पहाड़ी किचन की दुकान खोली है। यहां हर समय तीर्थयात्रियों को पहाड़ी व्यंजन परोसे जा रहे हैं। केदारनाथ यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव सोनप्रयाग तक तीर्थयात्री वाहनों के जरिये पहुंच रहे हैं। इसके बाद गौरीकुंड के लिए शटल वाहन की सुविधा दी गई है। तीर्थयात्री यहां रूकने के बाद पहाड़ी कीचन में जाकर पहाड़ी व्यंजन की मांग कर रहे हैं। निम के अधिकारी मनोज सेमवाल ने पहाड़ी कीचन की दुकान खोली है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोंगों को रोजगार देने और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को पहाड़ी उत्पादों से रूबरू करवाने के लिए यह व्यवसाय शुरू किया गया है। पहाड़ी किचन में एक दर्जन से अधिक लोग काम कर रहे हैं, जिसमें 4 लड़कियां भी हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी किचन की शुरूआत वर्ष 2015 में केदरानाथ से की गई थी। उस समय श्रद्धालुओं को यह खाना बहुत ही ज्यादा पसंद आया था। केदारनाथ की तर्ज पर ही सोनप्रयाग में भी पहाड़ी किचन खोला गया है। पहाड़ी किचन में श्रद्धालुओं को शुद्ध पहाड़ी खाना जैसे भटवानी, चैंसा, भंगजीर की चटनी, मंडूए की रोटी-पूरी, भांग की चटनी, चैलाई की रोटी, लाल भात के साथ ही स्पेशल झंगोरे की खीर परोसी जा रही है। इससे न केवल श्रद्धालुओं को पहाड़ी खाने के बारे में पता चल रहा है, बल्कि बहुत से युवाओं को रोजगार भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा केदारनाथ की कृपा से अब तक श्रद्धालुओं का पहाड़ी किचन को लेकर बहुत अच्छा रिस्पंास मिल रहा है और आने वाले समय में और बेहतर करने का प्रयास किया जायेगा।
