Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 15, 2026

रानीखेत में लंगूर के हमले में महिला की मौत, अनेक हो चुके घायल

अल्मोड़ा ( आखरीआंख )   भिकियासैंण तहसील के हरनोली गांव निवासी एक महिला पर एक कटखने लंगूर ने हमला कर दिया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर ले जाया गया था। लेकिन उपचार के दौरान उसने दिल्ली के मैक्स अस्पताल में दम तोड़ दिया है।

तहसील के हरनोली गांव निवासी लक्ष्मी देवी पत्नी इंद्र सिंह कड़ाकोटी मंगलवार की शाम घर का कुछ सामान लेने के लिए सिनोड़ा बाजार आई हुई थी। अचानक एक कटखने लंगूर ने लक्ष्मी देवी पर हमला कर दिया। इससे वह सड़क पर गिर गई। जिससे उनके सिर मे गंभीर चोट आ गई। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें भिकियासैंण के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने हायर सेंटर भेज दिया गया। परिजन महिला को उपचार के लिए दिल्ली के मैक्स अस्पताल लेकर गए जहां बुधवार की देर रात महिला ने दम तोड़ दिया। मृतक महिला के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी यह लंगूर क्षेत्र के राजगांव निवासी आरती पुत्री पृथ्वीपाल, जयंती देवी पत्नी बालीराम, दीपा देवी पत्नी नरेश चंद्र, जानकी देवी पत्नी भूपाल राम पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। ग्रामीण गिरीश चंद्र, नंदन सिंह, गंगा सिंह, जगत सिंह, जीवन सिंह, नरेश चंद्र, प्रकाश चंद्र समेत अनेक लोगों ने वन विभाग पर अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए लंगूर को पकड़ने की मांग की है। कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

Advertisement