वेदनी बुग्याल में फूलों के बीच चांचणी, झुमेलो लगाकर मनायी जन्माष्टमी
चमोली। खूबसूरत वेदनी बुग्याल में ग्रामीणों प्रकृति और इस बुग्याल में खिले अपार फूलों के बीच भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव कृष्ण जन्माष्टमी मनायी। वाण, कुलिंग, बलाण, मुंदोली, बांक के सैंकड़ों ग्रामीण जन्माष्टमी मनाने वेदनी बुग्याल पहुंचे थे। इस अवसर पर ग्रामीणों ने कैलवा विनायक में भगवान गणेश की पूजा अर्चना की और वापसी के दौरान वेदनी में मखमली घास के बुग्याल में पारपरिक परिधान में झुमेलो, चौंफुला, चांचणी लगाकर अपने प्रिय भगवान का जन्म दिन मनाया। ग्रामीण इस बार वेदनी बुग्याल में खिले अनगिनत फूलों को देख कर अभिभूत नजर आये। कुलिंग के भुवन बिष्ट, महिपत सिंह दानू का कहना है कि हम हर साल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर वेदनी बुग्याल पहुंचते हैं लेकिन इस बार वेदनी बुग्याल में खिले अनगिनत फूलों नें वेदनी बुग्याल की सुंदरता पर चार चाँद लगा दिए हैं। वहीं वाण गांव के हीरा सिंह गढ़वाली, बलवंत सिंह बिष्ट और सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा की इस बार वेदनी बुग्याल में खिले अनगिनत फूलों को देखने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सैंकड़ों ग्रामीण यहाँ पहुंचे, जो वेदनी बुग्याल को देखकर बेहद खुश नजर आये।
