Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

अवैध शराब के बढ़ते कारोबार को लेकर आक्रोशित महिलाओं ने दिया थाने में धरना

नई टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र पट्टी रौणद रमोली के भैंतलाखाल बाजार में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार को लेकर आक्रोशित महिलाओं ने थाना लंबगांव में सांकेतिक धरना दिया और कहा कि यदि जल्द ही भैंतलाखाल बाजार में अवैध शराब के लिए प्रशासन ने धरपकड़ नहीं की तो क्षेत्र की जनता आंदोलन को बाध्य होगी। महिलाओं का एक प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को थाना लंबगांव मे पहुंचा और धरने पर बैठ गई। महिला मंगलदल की सदस्य पुलमा देवी, जशोदा देवी, मालदेई देवी, हसंदेई देवी, सुंदरा देवी आदि महिलाओं का कहना है कि भैंतलाखाल में अवैध शराब का लंबे समय से कारोबार चल रहा है जिसको लेकर महिलाओं ने लगभग दो माह पूर्व तहसील प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से भी शिकायत की लेकिन अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ कोई कार्यवाही नही हो पायी है। उन्होंने कहा शराबियों के आतंक से महिलाएं काफी परेशान हैं। महिलाओं ने कहा यदि इस संबंध में कोई कार्यवाही नहीं की गयी तो महिलाओं का एक शिष्टमंडल जल्द ही जिलाधिकारी को मिलेगा और कार्यवाही की मांग करेगा। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद राणा का कहना है कि लगभग एक माह पूर्व थाना लंबगांव पुलिस ने उक्त क्षेत्र का दौरा किया और छापामारी अभियान चलाया, लेकिन कोई भी व्यक्ति अवैध शराब बेचते हुए नही पाया गया। यदि क्षेत्र मे कोई व्यक्ति अवैध शराब का धंधा करता पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

Advertisement