March 15, 2026

सदस्य जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत की अपहरण की खबर पर तुरन्त दर्ज हो एफआईआर

अल्मोड़ा । जिला मजिस्ट्रेट/निर्वाचन अधिकारी (प0) नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नव निर्वाचित क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत सदस्यों को निष्पक्ष एवं स्वतन्त्र रूप से प्रमुख एवं अध्यक्ष जिला पंचायत के निर्वाचन में मतदान करने हेतु आवश्यक सुरक्षा प्रदान की जानी है। इस सम्बन्ध में जिला मजिस्ट्रेट से समस्त उपजिलाधिकारी/तहसीलदार व समस्त सहायक निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी किये है कि निर्वाचन की संवेदनशीलता एवं मा0 उच्च न्यायालय नैनीताल द्वारा पारित आदेशो के पालन में निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से निर्वाचन सम्पन्न कराये जाने हेतु क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत के सदस्यों को उनकी माॅग पर आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराया जाय।
निर्वाचन अधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारी/तहसीलदार व समस्त सहायक निर्वाचन अधिकारियों को यह भी निर्देश जारी किये है कि किसी भी सदस्य की अपहरण की शिकायत समाचार पत्रों, न्यूज चैनलो या अन्य माध्यम से प्राप्त होने पर तत्काल दोषी व्यक्ति के विरूद्व एफ0आई0आर0 दर्ज करते हुए नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाय।