March 18, 2026

 कपकोट के भूलगांव में धरना, रतजगा कर रहे ग्रामीण

बागेश्वर। कपकोट ब्लॉक के उत्तरदुग के ग्रामीण गुलदार के भय से रातभर पहरा दे रहे हैं। आंदोलन स्थल पर अलाव जलाकर रात काट रहे हैं। उनके अनशन को 18 दिन पूरे हो गए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग तथा जिला प्रशासन पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया है। जल्द गुलदार के नहीं पकड़े जाने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है। सोमवार को आंदोलन स्थल पर पहुंचकर मोहन सिंह और दीवान सिंह अनशन पर बैठे। सभा की अध्यक्षता कर रहे जोगा सिंह ने कहा कि वन विभाग, जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण क्षेत्र के लोगों की जान आफत में आ गई है। तीन-तीन गुलदार क्षेत्र में दहाड़ रहे हैं। इसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को कई बार दे दी है। विभाग ने पिंजड़े लगाकर अपनी ड्यूटी पूरी कर दही है। पिंजड़े में गुलदार को फंसाने के कोई इंतजाम नहीं हैं। उसमें जंगली मुर्गी रखी जा रही है। इस कारण ग्रामीणों के बकरियों तथा पशुओं को निवाला बना रहा है। ग्रामीण अपनी सुरक्षा के लिए रातभर पहरा दे रहे हैं। इधर अब ठंड ने भी दस्तक दे दी है। ऐसे में उनके लिए पहरा देना चुनौती भरा बना हुआ है। इस मौके पर उत्तम सिंह, प्रताप सिंह, दिनेश सिंह, दीवान सिंह, चंद्रा देवी, बलवंत सिंह आदि मौजूद रहे।