Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 15, 2026

जल्थाकोट में रात के समय हो रहा है पोकलैंड से खडिय़ा खनन

बागेश्वर । तहसील के दफौट क्षेत्र के जल्थाकोट में रात में पोकलैंड मशीन से खडिय़ा खनन की शिकायत मिल रही है। इस पर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण और जिला पंचायत की नव निर्वाचित सदस्य गोपा धपोला ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस मामले में प्रशासन पर भी चुप्पी साधने का आरोप लगाया है। साथ ही मामले की जांच की मांग की है। इधर, ग्रामीणों ने राजस्व पुलिस को ज्ञापन सौंपकर गांव में किसी तरह का खनन नहीं होने की बात कही है। रविवार को पूर्व विधायक फर्स्वाण और जिपं सदस्य धपोला ने कहा जल्थाकोट में रात के 11 बजे पोकलैंड से खडिय़ा खनन हो रहा है। इसके अलावा रात में ही घोड़ों से इसे सड़क मार्ग तक पहुंचाया जा रहा है। इससे ग्रामीण दहशत में हैं। उनकी रात की नींद उड़ रही है। उन्होंने इस मामले में प्रशासन पर भी चुप्पी साधने का आरोप लगाया है। गोपा ने कहा उनकी जिला पंचायत के छह गांवों को जोडऩे वाले रास्ते खनन के कारण ध्वस्त हो चुके हैं। इधर, मामले में ग्रामीणों ने घिघारूतोला के राजस्व उप पुलिस निरीक्षक को पत्र सौंपकर किसी भी प्रकार की खनन रात में नहीं होने की बात की है। उन्होंने कहा उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो रही है। यहां संतोष कुमार, शांति देवी, चंद्र राम, रोशनी देवी, मनोज राम, देवीदत्त अंडोला, बीना देवी, रेवाधर अंडोला आदि रहे।

Advertisement