अंतरराष्ट्रीय सेलिंग रेगाटा में दूसरे स्थान पर रहा भारत
नैनीताल। चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेलिंग रेगाटा प्रतियोगिता में भारत दूसरे स्थान पर रहा। पैरी-ताई इंटरनेशनल लांग डिस्टेंस सेलिंग रेगाटा में दुनियाभर की 35 टीमों ने प्रतिभाग किया। भारत की टीम के खिलाड़ी रहे गवर्नर गोल्ड कप व उत्तराखंड में आयोजित सेलिंग रेगाटा में कई पुरस्कारों से समानित तथा सनवाल स्कूल नैनीताल के स्वामी गौरव सनवाल ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में टूर्नामेंट से संबंधित जानकारियां दीं। गौरव ने बताया कि यह प्रतियोगिता एक से चार नवंबर तक चीन के तीन महानगरों वुसी, हुजो तथा सुजो में आयोजित की गई। 2024 में होने वाले ओलंपिक खेलों को लेकर इस वर्ल्ड सेलिंग लिस्टेड इवेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में भारत की ओर से टीम सासा इंडिया के नाम से प्रतिनिधित्व किया गया। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम में चार बार यूथ लेजर नेशनल चैंपियन रह चुके चेन्नई निवासी अभिमन्यु पन्वर, वर्ष 2018 में एशियन गेस की सिल्वर मेडलिस्ट मुंबई निवासी श्वेता शेरवेगर, सेलिंग रेगाटा में भारत की सबसे कम उम्र की जज और कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खेल चुकीं मुंबई निवासी अनन्या सिवॉय और वह स्वयं शामिल थे। टीम सासा इंडिया का चयन वरिष्ठ राष्ट्रीय जज करन सत्यवीर सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 135 किमी की दूरी तय करनी थी। जिसमें चीन के तीन महानगर वुसी, हुजो व सुजो को शामिल किया गया था। प्रतियोगिता में भारत ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश की टीम को दूसरा स्थान दिलाया। जबकि पहले स्थान पर चीन की टीम रही। दुनिया की 35 टीमों के बीच प्रतिभाग करते हुए दूसरा स्थान हासिल करना भारत की बड़ी उपलब्धि है।
