परीक्षा आवेदन तिथि बढ़ाने की मांग की
नैनीताल। कुमाऊं विवि डीएसबी परिसर के छात्रनेताओं ने विवि प्रशासन से परीक्षा आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में गुरुवार को छात्रसंघ अध्यक्ष विशाल वर्मा के नेतृत्व में परीक्षा नियंत्रक प्रो. संजय पंत को ज्ञापन सौंपा गया। विशाल वर्मा ने परिसर के विद्यार्थियों के प्रवेश फार्म समय पर सत्यापित नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। कहा कि इससे अधिकांश छात्र परीक्षा आवेदन भरने से वंचित रह गए हैं। छात्र नेताओं ने आवेदन की तिथि बढ़ाने व परीक्षाओं की तिथि में परिवर्तन करने की मांग की है। ज्ञापन में हरीश सिंह राणा, मुकेश रौतेला, सुमित बिष्ट, हर्षित कुंवर, अंशु जोशी, तन्मय भंडारी के हस्ताक्षर हैं।
