March 14, 2026

अल्मोड़ा जनता मिलन में 22 शिकायतें दर्ज

अल्मोड़ा ।  अपर जिलाधिकारी बी0एल0 फिरमाल की अध्यक्षता में आज जनता मिलन कार्यक्रम कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 22 शिकायतें/समस्यायें फरियादियों द्वारा दर्ज की गयी। अपर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों के समक्ष बारी-बारी से जन सुनवाई करते हुए समस्याओं का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर करने के निर्देश दिये। जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान अधिकांश शिकायतें पेयजल, लोक निर्माण विभाग, विद्युत आदि विभागों से सम्बन्धित थी। इस दौरान तल्ला चीनाखान में पेयजल आपूर्ति सुचारू न होने की शिकायत, हवालबाग के धूरा में पेयजल लाईन को ठीक कराने की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को तीन दिन के भीतर आपूर्ति सुचारू करने व पेयजल लाईन का प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिये। वहीं चीनाखान में सड़क में नालियों के चोक हो जाने से गन्दा पानी आवासीय बस्ती में आ जाने की शिकायत पर उन्होंने अधिशासी अभियन्ता को तत्काल मौका मुआयना कर नालियो की सफाई करवाने के निर्देश दिये।
जनता मिलन में लोधिया में अवैध विद्युत कनेक्शन की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता विद्युत को स्थलीय निरीक्षण करते हुए तीन दिन के भीतर रिर्पोट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। कफड़खान में अवैध पेयजल कनेक्शन की शिकायत पर भी उन्होंने अधिकारियों को जाॅच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इस दौरान पी0एम0जी0एस0वाई0 द्वारा बनायी गयी सड़क में लम्बे समय से भकुना में पुल न बनाये जाने की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इसका प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया है साथ ही टैण्डर की प्रतिक्रिया गतिमान है। वहीं कफड़खान से अयारपानी मोटर मार्ग को शीघ्र डामरीकरण करने के सम्बन्ध में भी शिकायत दर्ज की गयी। इसके अलावा अन्य विभागों से सम्बन्घित शिकायतें भी जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान प्राप्त हुई। जिस पर अपर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को यथाशीघ्र आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर परियोजना निदेशक नरेश कुमार, जिला विकास अधिकारी के0के0 पंत, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 सविता हयांकी, जिला शिक्षाधिकारी एच0बी0 चन्द, मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह, सहायक निबन्धक सहकारिता राजेश चैहान, अधिशासी अभियन्ता विद्युत डी0डी0 पांगती, आपदा प्रबन्धन अधिकारी राकेश जोशी के अलावा समस्त विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।