Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

अल्मोड़ा जनता दरबार मे 7 शिकायत दर्ज


अल्मोड़ा ।
 जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में आज जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 07 शिकायतें फरियादियों/शिकायतकर्ताओं द्वारा दर्ज करायी गयी। इस दौरान विकासखण्ड हवालबाग के ग्राम छाना में सिंचाई व्यवस्था न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने लघुडाल के अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर सर्वे कर सिंचाई व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिये। वहीं ज्यूलीगाॅव में पेयजल व्यवस्था की शिकायत पर उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को भी स्थलीय निरीक्षण कर पेयजल व्यवस्था सही करने के निर्देश दिये। जनपद मिलन कार्यक्रम में कुज्याड़ी से बसगाॅव मोटर मार्ग के अभी तक कार्य प्रारम्भ नहीं होने की शिकायत पर अधिशासी अभियन्ता द्वारा अवगत कराया गया कि मोटर मार्ग हेतु विधिवत् स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है व आगणन शासन को प्रेषित कर दिया गया है।
इस दौरान फरियादियों द्वारा नन्दागौरा योजना के अन्तर्गत मिलने वाले कन्याधन के सम्बन्ध में भी शिकायत दर्ज की जिसमें मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बताया गया कि बजट उपलब्ध हो चुका है शीघ्र ही लाभार्थियों को धनराशि आवंटित कर दी जायेगी। दुगालखोला में क्षतिग्रस्त पाईपलाइन की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता जल संस्थान को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। जनता मिलन में असंगठित क्षेत्रों के मजदूरों को कम मजदूरी दिये जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने श्रम परिर्वतन अधिकारी को तत्काल ऐसे समस्त क्षेत्रों का भ्रमण करने के निर्देश दिये जहा पर निर्माण कार्य चल रहे हो और उसकी रिर्पोट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता मिलन के दौरान प्राप्त शिकायतों का यथा सम्भव एक सप्ताह के भीतर निस्तारण किया जाय किसी कारणवश निस्तारण नहीं होने की स्थिति में स्पष्ट आख्या जिला कार्यालय को भेजी जाय। इस दौरान उन्होंने मा0 मुख्यमंत्री द्वारा की गयी घोषणाओं के सम्बन्ध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जो घोषणायें जनपद से सम्बन्धित है उनका आगणन, डी0पी0आर, प्रस्ताव आदि इस माह के अन्त तक शासन को भेजना सुनिश्चित करें साथ ही प्रतिलिपि जिला कार्यालय को भी भेजी जाय। जिलाधिकारी ने सी0एम0 हैल्पलाईन में आ रही शिकायतों को भी गम्भीरता से लेते हुए तय समय में निस्तारण करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि सी0एम0 हैल्प लाईन में विशेषकर वन विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, राजस्व, समाज कल्याण विभाग दैनिक आधार पर शिकायतों का निस्तारण करना सुनिश्चित करे। इन विभागों के स्तर से अधिकांश शिकायतें लम्बित है।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी मनुज गोयल, उपजिलाधिकारी सीमा विश्वकर्मा, मोनिका, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 विनीता साह,, परियोजना निदेशक नरेश कुमार, जिला विकास अधिकारी के0के0 पंत, मुख्य शिक्षाधिकारी जगमोहन सोनी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल, मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह, सहायक निबन्धक सहकारिता राजेश चैहान सहित समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisement