May 8, 2026

भालू के हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल,हायर सेंटर रेफर

उत्तरकाशी। बाड़ाहाट रेंज के खुरकोट गांव में एक व्यक्ति पर सोमवार सुबह भालू ने अचानक हमला कर दिया। जिससे व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल को जिला अस्पताल लाया । जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर एस अस्पताल देहरादून के लिए रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह खुरकोट निवासी गंगा सिंह पुत्र अमर सिंह उम्र 70 वर्ष गांव से कुछ दूरी पर स्थित अपनी गोशाला की ओर जा रहा था। इसी दौरान बीच रास्ते में गदेरे के पास घात लगाकार बैठे भालू ने उस पर हमला कर दिया। गंगा सिंह के चिल्लाने पर अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो भालू जंगल की ओर भाग गया। भालू के हमले में गंगा सिंह के सिर, चहरे, कमर व हाथ पांव में गंभीर घाव आये हैं। ग्रामीणों ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर देहरादून के लिए रेफर कर दिया। भालू के हमले की सूचना के बाद डीएफओ संदीप कुमार सहित वनकर्मी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल गंगा सिंह का हालचाल जाना और उसे उपचार के लिए प्राथमिक सहायता के लिए 15000 रुपये की धनराशि मुहैया कराई। इस अवसर पर डीएफओ संदीप कुमार ने कहा कि क्षेत्र में कई दिनों से भालू के मूवमेंट की सूचना मिल रही थी। जिसके लिए वन कर्मी क्षेत्र में नियमित गस्त कर रहे थे। लेकिन सोमवार सुबह भालू ने अचानक हमला कर दिया। कहा कि इस घटना के बाद ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है।