August 29, 2026

रसोई गैस के दाम बढ़ाने पर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन 

चपावत। टनकपुर के मोतीराम चौराहे में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने रसोई गैस के बढ़ाए गए दाम का जमकर विरोध किया। इस दौरान नारेबाजी के साथ केन्द्र सरकार का पुतला भी फूंका गया। गुरुवार को टनकपुर में कांग्रेस नगर अध्यक्ष अनिल चौधरी पिंकी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के खिलाफ बढ़ती महंगाई को लेकर प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने कहा कि हर दिन बढ़ रही महंगाई से लोगों का जीना दूभर हो गया है। बाद में कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस सिलिंडर के साथ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शीघ्र महंगाई कम नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में गोपाल बिष्ट, हेमचंद जोशी, सूरज बोहरा, कामरान अंसारी, मोहन सिंह स्वीटी, फैसल सिद्दीकी, भैरव जोशी, कादिर अली, बसंत राय, चंदन, मो. दानिश, शिवम गोयल, हसीन सिद्दीकी, शौकत हुसैन, नसीम सिद्दीकी, गौतम चंद, राजेन्द्र जोशी, हर्षित शर्मा, भानु महर, रोहित जाटव आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।