March 4, 2026

गुलदार को भगाने के लिए वन विभाग की कांबिंग जारी

रुद्रपुर। शांतिपुरी में बीते पांच दिनों से गुलदार द्वारा पालतू कुत्तों का शिकार बनाये जाने और अलग-अलग स्थानों पर दिखाई देने के बाद वन विभाग ने संयुक्त सर्च अभियान चलाया। दीगर बात यह रही है कि वन कर्मियों, विलेज वन्य जीव प्रोटेक्शन फोर्स व ग्रामीणों द्वारा सर्च अभियान चलाने के महज एक घंटे बाद ही गुलदार एक बार फिर गांव में घुस आया। शनिवार को गांव में रेंजर एके जोशी के नेतृत्व में संयुक्त सर्च अभियान चलाया गया। इसके बाद वन विभाग की ओर से प्राथमिक विद्यालय में स्कूली बचों व ग्रामीणों को जागरूक किया। तभी टीम के वहां से लौटने के एक घंटे बाद ही गुलदार शांतिपुरी नंबर तीन से दो नंबर की ओर जाते हुए दिखाई दिया। तभी गुलदार को सामने देख शांतिपुरी नंबर तीन निवासी नन्ही देवी गश खाकर गिरी पड़ी। ग्रामीणों ने हो हल्ला करने पर गुलदार गन्ने की खेत की ओर निकल गया। विदित है कि गांव में भय एवं असुरक्षा का माहौल बढ़ता देख वन विभाग की टीमें पिछले चार दिनों से लगातार रात-दिन गश्त कर रही हैं। कई जगहों पर ट्रैप एवं ड्रोन कैमरों की मदद से भी गुलदार की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है। वहीं फिर से गुलदार देखे जाने के बाद वन विभाग ने करीब एक दर्जन ट्रैक कैमरे और लगा दिए हैं।