May 13, 2026

साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त कर्मचारी से 1लाख रुपये ठगे

नैनीताल। नगर में एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के खाते से साइबर ठगों ने परिचित बनकर एक लाख रुपये ठग लिए। पीडि़त ने मल्लीताल कोतवाली में कार्रवाई के लिए शिकायत पत्र दिया, जबकि बैंक में खाता बंद करने का प्रार्थना पत्र दिया है। मल्लीताल क्षेत्र निवासी पूरन चंद्र कुछ समय पूर्व एक अर्द्ध सरकारी संस्थान से सेवानिवृत्त हुए थे। 30 अप्रैल को उन्हें एक मोबाइल नंबर से फोन आया। बताया गया कि वह देहरादून से उनके खास मित्र बोल रहे हैं। कुछ देर बातचीत के बाद कहा गया कि उन्होंने एक व्यक्ति को रुपये देने हैं। जोकि वह पूरन चंद्र के खाते में भेज रहे हैं। निवेदन किया गया कि वह अपने खाते से रुपये निकालकर उन्हें दे दें। वह स्वयं उनके पास रुपये लेने आएंगे। इसी बीच यह भी कहा गया कि उनके व्हाट्सएप पर एक लिंक आ रहा है, उसे ओके कर दे। जिसके बाद वह ट्रांजेक्शन करेंगे। लिंक में प्रवेश करने पर पूरन चंद्र को एक मैसेज पहुंचा। जिसमें 49 हजार 550 रुपये निकाले गए थे। इस पर पूरन चन्द्र ने फोन करने वाले को बताया कि रुपये आए नहीं बल्कि खाते से कट गए हैं। इस पर फोन करने वाले ठग ने उन्हें बताया कि नेटवर्क की दिक्कत के चलते यह हुआ है। वह दोबारा लिंक पर प्रवेश करें। उनके रुपये वापस आ जाएंगे। लिंक को ओके करने पर पूरन चन्द्र के खाते से दोबारा 49 हजार 550 रुपये कट गए। जिसके बाद ठग की ओर से वही बात दोहराई गई कि लिंक को फिर खोला जाए। लेकिन इस बार उन्होंने लिंक नहीं खोला, वह कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने शिकायती पत्र दिया। साथ ही बैंक में खाता सील करने को प्रार्थना पत्र दिया। तहरीर के आधार पर एसआई सत्येंद्र गंगोला ने मामले में जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी का पता नहीं चल सका है।