कोरोना की दहशत: हरियाणा से नैनीताल पहुंचे दामाद को ससुरालियों ने घर में नहीं घुसने दिया
नैनीताल। कोरोना महामारी का भय लोगों में इस कदर घर कर गया है कि इस बीच लोग रिश्ते- नातेदारों से मिलने में भी परहेज कर रहे हैं। हरियाणा से करीब तीन सौ किमी की यात्रा कर करीब दस घंटे में नैनीताल पहुंचे दामाद को ससुरालियों ने घर में नहीं आने दिया। ऐसी स्थिति में उन्होंने नैनीताल कोतवाली में रात काटी। इसके बाद वह पत्नी और बची समेत ससुराल पक्ष के लोगों से मिले बगैर लौट गया। जानकारी के अनुसार हरियाणा के फरीदाबाद निवासी युवक यज्ञ कुमार का नैनीताल में ससुराल है। प्रभावी लॉकडाउन से पहले उनकी पत्नी और दो वर्षीय बची नैनीताल आ गये थे। इसके बाद से वह यहीं रह रहे थे। इधर बुधवार को युवक प्रशासनिक अधिकारियों से अनुमति के बाद अपने एक दोस्त के साथ नैनीताल पहुंच गया। इस दौरान ससुराल पक्ष की ओर से उसे यहां नहीं आने की सलाह दी गई, लेकिन इसके बाद भी वह पत्नी और बची को लेने यहां पहुंच गया। इस दौरान ससुरालियों ने उसे घर पर नहीं आने दिया। रात के दौरान गश्त कर रहे मल्लीताल कोतवाली के एसएसआई यूनुस खान ने हरियाणा नंबर का वाहन देखा तो पूछताछ की। पुलिस को युवक ने पूरी कहानी बताई। इसके बाद उन्हें मल्लीताल कोतवाली ले जाया गया। जहां ससुराल पक्ष से संपर्क साधा गया। पुलिस के अनुसार ससुरालियों ने कहा कि वह पूर्व में ही उन्हें नैनीताल आने के लिए मना कर चुके थे। देश में लगातार सामने आ रहे कोरोना के मामलों के चलते वह डरे हुए थे। साथ ही उनके घर पर भी इतने लोगों के लिए अलग रहने की व्यवस्था नहीं थी। इसके चलते उन्होंने घर नहीं आने दिया। इसके बाद दामाद व उसका दोस्त और चालक तीनों ने कोतवाली में रात काटी। इधर गुरुवार को युवक पत्नी व बची को बगैर साथ लिए हरियाणा लौट गया।
