Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 26, 2026

काशीपुर में युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या

काशीपुर। फैक्ट्री में काम करने वाले एक युवक ने घर में देसी तमंचे से खुद को गोली मार आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से तमंचा और मृतक का मोबाइल कब्जे में लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया। अवैध हथियार रखने के मामले में युवक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना शुक्रवार शाम की है। जानकारी के अनुसार आईटीआई थाना क्षेत्र के श्यामपुरम, डिफेंस कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार (22) पुत्र रामलखन बाजपुर रोड स्थित एक फैक्ट्री में ठेकेदार के अधीन काम करता था। तीन-चार दिन से वह ड्यूटी पर नहीं गया था। पुलिस के अनुसार पिता रामलखन ने बताया कि शुक्रवार दोपहर खाना खाने के बाद प्रदीप मां रामकाशी देवी और बहनों सीता, रानी संग बैठा हुआ था। शाम करीब साढ़े पांच बजे उसके मोबाइल पर किसी ने कॉल की। फोन पर बातचीत के बाद प्रदीप तनाव में नजर आया। पिता के अनुसार वह अपने कमरे में चला गया। करीब पौने छह बजे प्रदीप के कमरे से गोली चलने की आवाज आयी। परिजन वहां गये तो प्रदीप की दायीं कनपटी पर गोली लगी थी और वह खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर आईटीआई थाना प्रभारी कुलदीप अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मौके पर 32 बोर का तमंचा बरामद किया। पुलिस ने मृतक का मोबाइल भी कब्जे में ले लिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं, अवैध तमंचा रखने के मामले में प्रदीप के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

Advertisement