June 29, 2024

उद्यान विभाग ने काश्तकारों को दी सब्जी उत्पादन व संरक्षित खेती की जानकारी

 

बागेश्वर। उद्यान विभाग के तत्वावधान मे आत्मा परियोजना ने छाती गांव में प्रशिक्षण व जागरूकता गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें जिले के विभिन्न तहसीलों से आए काश्तकारों ने भागीदारी की। विभागीय अधिकारियों ने उन्हें संरक्षित खेती, सब्जी उत्पादन, कीट प्रबंधन आदि की जानकारी दी।

आधुनिक तरीके से खेती कर आर्थिक स्थिति सुधारने को भी प्रेरित किया। जागरूकता व प्रशिक्षण गोष्ठी में बागेश्वर, गरुड़, कांडा, कपकोट व दुगनाकुरी तहसील के कई किसानों ने भागीदारी दी। छाती गांव के प्रगतिशील किसान राजेंद्र चैबे ने आधुनिक खेती को पाठशाला के रूप में चयनित किया है। जिसके तहत उन्होंने ही शिविर का आयोजन कराया। शिविर में सहायक उद्यान अधिकारी कुलदीप जोशी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॅा. कमल पांडेय, डॅा. हरीश जोशी ने काश्तकारों को खेती को बढ़ाने के लिए अपनाई जाने वाली विधियां बताई। उन्हें सब्जी उत्पादन के तौर तरीके, कीटों से सब्जी व फसलों की रक्षा और संरक्षित खेती करने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने काश्तकारों को खेतीबाड़ी, सब्जी उत्पादन फल उत्पादन, फूलों की पैदावार आदि को व्यवसाय बनाने और व्यवसायिक तरीके से ही काम करने को कहा। ताकि किसानों को इसका लाभ मिल सके। इस मौके पर देवेंद्र रावत, पंकज डसीला, महेश सिंह, भगवत कोरंगा, महेश सिंह, योगेश धपोला, दान सिंह, उमेश सिंह आदि मौजूद रहे।