वीर चन्द्र सिंह गढवाली पर्यटन स्वरोजगार योजना में हुए साक्षात्कार, जाने कितने आवेदन स्वीकृत
बागेश्वर । वीर चन्द्र सिंह गढवाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत वाहन/गैरवाहन मद एवं दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) ऋण राज्य सहायता विकास योजना के आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग हेतु गठित जिला स्तरीय स्क्रीनिंग समिति की बैठक जिलाधिकारी रंजना राजगुरू के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी राहुल कुमार गोयल की अध्यक्षता में विकास भवन कार्यालय में आहूत की गयी। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को अपना रोजगार मुहैया कराना एवं उनकी आर्थिकी को बेहतर करना है। उन्होंने कहा कि जनपद में आने वाले पर्यटकों को इस योजना के तहत आवश्यक सुविधायें उपलब्ध होगीं, वहीं दूसरी ओर यहां के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि जिस मद के लिए आवेदन किया है धनराशि उसी मद में खर्च करें। उन्होंने पर्यटन अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर स्थापित योजनाओं की स्थिति की जानकारी रखने के भी निर्देश दियें।
वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजनान्तर्गत जिला स्तरीय स्क्रीनिंग समिति की बैठक में वाहन मद में 10 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें रू0 10612200 धनराशि की सैद्धांतिक स्वीकृति एवं गैर वाहन मद में 07 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें रू0 3050000 धनराशि की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गयी तथा होम स्टे योजना के अन्तर्गत 07 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें कमेटी द्वारा सभी आवेदकों को इस योजना के लिए रू0 9350000 धनराशि की सैद्धांतिक स्वीकृत प्रदान की गयी।
बैठक में लीड बैंक अधिकारी एम.एस. पांगती, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चन्द्र आर्य, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा, महाप्रबन्धक उद्योग वी.सी. चौधरी तथा समस्त आवेदक मौजूद रहें।
