अंकिता हत्याकांड में वीआईपी की भूमिका की सीबीआई जांच हो
बागेश्वर । संघर्ष वाहिनी बागेश्वर ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका की सीबीआई जांच कराने और सिक्किम के राज्यपाल को पद से बर्खास्त करने की मांग की है। जिलाध्यक्ष कवि जोशी के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में संगठन ने कहा कि यह मामला केवल हत्या तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजगार के दौरान महिलाओं की सुरक्षा से भी जुड़ा है। संगठन ने आरोप लगाया कि मामले में चर्चा में रहे लोगों की भूमिका की अब तक निष्पक्ष जांच नहीं हुई है। ज्ञापन में सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम को पद से बर्खास्त करने और उन्हें व अजय कुमार को सीबीआई जांच के दायरे में लाने की मांग की गई।साथ ही उनके कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और व्हाट्सएप चैट की जांच कराने की मांग उठाई गई। संगठन ने वनंतरा रिजॉर्ट में अंकिता के कमरे पर बुलडोजर चलवाकर साक्ष्य मिटाने के आरोपों की जांच करने और मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के फोन का डेटा रिकवर कर जांच में शामिल करने की भी मांग की। ज्ञापन में अंकुर उपाध्याय, विजय परिहार, महेश कालाकोटी, प्रकाश बाघरी सहित कई कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं।
