March 25, 2026

बागेश्वर में बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में हत्या का मुकदमा

बागेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के तहत भतरौला में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के भतीजे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पूछताछ के लिए एक नेपाल निवासी को हिरासत में लिया है। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए दो टीमें गठित कर दी हैं। जल्द पुलिस मामले का खुलासा कर देगी। मालूम हो कि कोतवाली पुलिस क्षेत्र के तहत 75 साल की हरूली देवी पत्नी आन सिंह भतरौला में रहती थी। उसके साथ नेपाली मूल का मजदूर भी लंबे समय से रहता था। रविवार की सुबह महिला संदिग्ध परिस्थिति में कमरे में मृत मिली, जबकि नेपाली मजदूर मौके से गायब था। इसकी सूचना महिला के भतीजे ने कोतवाली पुलिस को दी। सूचना के बाद सीओ संगीता और कोतवाल डीआर वर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पुलिस ने इस मामले में मृतका के भतीजे गिरीश गडिय़ा की रिपोर्ट के बाद आईपीसी की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक नेपाली युवक को हिरासत में लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। कोतवाल वर्मा ने बताया कि मामले में जांच तेज कर दी है। दो टीमें गठित की गई हैं। जो घटना की जांच में जुटी हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।