बागेश्वर पुलिस ने की 30 नाली जमीन में उगाई अवैध भांग नष्ट
बागेश्वर। भांग की खेती को लेकर कपकोट पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। पुलिस टीम ने पुड़कूनी गांव में 30 नाली जमीन में अवैध रूप से भांग की खेती को नष्ट किया। उन्होंने ग्रामीणों को भांग की खेती के दुष्परिणाम बताए। भविष्य में अवैध रूप से इसका उत्पादन करने पर कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी। थानाध्यक्ष कैलाश बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम पुड़कूनी गांव पहुंची। गांव के एक बड़े भांग में हो रही भांग की खेती हो रही थी। जिसे देखते हुए पुलिस लाठियां लेकर खेतों पर टूट पड़े। उन्होंने आनन-फानन में सारी भांग की फसल को उजाड़कर रख दिया। थानाध्याक्ष ने कहा कि भांग की खेती की आड़ में नशे के कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है। क्षेत्र से लगातार चरस और गांजा बाहर भेजने के आरोपी पकड़े जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि चरस और गांजा समाज को बर्बाद कर रहा है। युवा पीढ़ी नशे में डूबकर अपना व देश का भविष्य खराब कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से भांग की खेती नहीं करने के लिए जागरूक किया। चेताया कि अगर भविष्य में दुबारा खेती की गई तो पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई भी कर सकती है। उन्होंने थाना क्षेत्र में अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही।
