Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 19, 2026

जीप दुर्घटनाग्रस्त, चालक घायल , दो की मौत

रुद्रप्रयाग। दशयूला काण्डई क्षेत्र में जागतोली के पास एक जीप दुर्घटनाग्रस्त होने से दो व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि चालक घायल हो गया। वाहन में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ और राजस्व टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घायलों को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जबकि मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब आठ बजे दशयूला क्षेत्र से कुछ लोंगों ने देहरादून जाने के लिए एक वाहन बुक कराया। वाहन चालक नागेंद्र ने जाखतोली में संजय एवं रूचि को गाड़ी में बैठाकर अन्य सवारियों को लेने बैंजी काण्डई को प्रस्थान किया। जागतोली से कुछ ही दूरी पर राइंका के पास गाड़ी अनियन्त्रित होकर करीब 15 मीटर नीचे खेत में पलट गई। वाहन में बैठे संजय काण्डपाल (42) पुत्र विशभर दत्त काण्डपाल निवासी जागतोली (दशयूला काण्डई) ने उतरने का प्रयास किया किंतु तभी वाहन उसके ऊपर ही गिर गया। वाहन के नीचे दबने से संजय की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि रूचि (9) पुत्री संजय काण्डपाल की हायर सेंटर ले जाते समय ब्यासी के पास मौत हो गई। जबकि चालक नागेन्द्र (33) पुत्र अतर सिंह निवासी बैंजी काण्डई घायल हैं। बताया जा रहा है कि वाहन चालक नागेन्द्र पहले पंजाब में कहीं काम करता था। लॉकडाउन में नौकरी छूटने के बाद वह घर आया था। अभी कुछ दिन पहले ही उसने वाहन खरीदा था।

Advertisement