टी 20 ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ ने उत्तराखंड को 12 रन से हराया
देहरादून। सैयद मुश्ताक अली टी 20 ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ ने उत्तराखंड को 12 रन से हराया। सुपर ओवर तक खींचे मैच में छत्तीसगढ़ ने पहले खेलते हुए 15 रन बनाए। जिसके जवाब में उत्तराखंड मात्र तीन रन ही बना सकी। इस हार के साथ टूर्नामेंट में उत्तराखंड का सफर समाप्त हो गया है। सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में उत्तराखंड ने पांच मैच में चार में हार व एक में जीत दर्ज की है।
वडोदरा के रिलायंस क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के बीच मुकाबला खेला गया। छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर पहले खेलने के लिए उत्तराखंड को आमंत्रित किया। उत्तराखंड ने पहले खेलते हुए जय बिस्टा 92, कुनाल चंदेला 25 व दीक्षांशु नेगी की 19 रन की पारी के बदौलत 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 167 रन बनाए। छत्तीसगढ़ के लिए सौरभ माजुमदार ने तीन विकेट झटके।
168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ टीम 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 167 रन ही बना सकी और मैच टाई हुआ। नतीजे के लिए सुपर ओवर का सहारा लेना पड़ा। सुपर ओवर में छत्तीसगढ़ ने पहले खेलते हुए 15 रन बनाए। हरप्रीत सिंह भाटिया ने पांच गेंदों में 15 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तराखंड के सलामी बल्लेबाज जय बिस्टा (2) व कुनाल चंदेला (1) सुपर ओवर में कुल तीन रन ही बना सके। और उत्तराखंड को 12 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी।
पहला मैच – उत्तराखंड बनाम बड़ौदा : बड़ौदा पांच रन से जीती
दूसरा मैच – उत्तराखंड बनाम गुजरात : गुजरात 73 रन से जीती
तीसरा मैच – उत्तराखंड बनाम महाराष्ट्र : उत्तराखंड छह विकेट से जीती
चौथा मैच – उत्तराखंड बनाम हिमाचल – हिमाचल दस विकेट से जीती
पांचवा मैच – उत्तराखंड बनाम छत्तीसगढ़ – छत्तीसगढ़ 12 रन से जीती
