April 30, 2024

जनता ने भाजपा का चाल-चरित्र देख लिया है: गोदियाल

देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भाजपा सरकार पर खूब बरसे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं है। कांग्रेस ने जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुना और निदान के लिए आंदोलन भी किए। जनता ने भाजपा का चाल-चरित्र देख लिया है। ऐसे में जनता अब आने वाले समय में कांग्रेस का साथ देगी। कैंट विधानसभा अंतर्गत प्रेमनगर में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नवीन जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता ने प्रेमनगर पहुंचने पर गोदियाल का फूल मालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर गोदियाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज प्रदेश में सरकार नाम की चीज नहीं है। आम जनता से भाजापा नेताओं को कोई मतलब नहीं है। भाजपा की कोई भी उपलब्धि नहीं रही है। प्रदेश की जनता भाजपा का असल चेहरा देख चुकी है। आने वाले समय में जनता कांग्रेस पार्टी को विजय पताका देते हुए आगे बढ़ाएगी। जिस तरह से साढ़े चार साल में कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच में जाकर उनकी समस्याओं को सुना और उनके निदान के लिए आंदोलन किए, वह किसी से छुपा नहीं है। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता जनसमस्याओं के समाधान के लिए आंदोलनरत है। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री पीके अग्रवाल व पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष अशोक वर्मा ने भी जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रूप से प्रेमनगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहित ग्रोवर, राजीव पुंज, तरुण चक्रवर्ती, ब्लाक अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, सुधीर चौधरी ललित, मेहंदी दत्ता अखिल कुमार पवार, वीरु बिष्ट, अनीता वंदना बिष्ट सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।