Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 5, 2026

जौलीग्रांट एयरपोर्ट नाम परिवर्तन भाजपा हित मे हो सकता है राज्य हित मे नही : हरीश रावत पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड

देहरादून ( आखरीआंख समाचार ) देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे का नाम भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने के राज्य मंत्रिमंडल के फैसले को लेकर सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इस पर आपत्ति जताई है। कांग्रेस का कहना है कि कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल में इस हवाई अड्डे का नामकरण आद्यगुरु शंकराचार्य के नाम पर करने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था, मगर इसे तवज्जो नहीं दी गई। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोशल मीडिया में सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार का यह फैसला भाजपा के हित में हो सकता है, लेकिन क्या राज्यहित में है। उधर, भाजपा ने भी कांग्रेस पर पलटवार किया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि विपक्ष गैरजिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहा है। कांग्रेस के कार्यकाल में ऐसा कोई प्रस्ताव लाया ही नहीं गया था। यह किसी से छिपा नहीं है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। उनके ही कार्यकाल में उत्तराखंड अस्तित्व में आया और फिर राज्य को विशेष श्रेणी का दर्जा देते हुए औद्योगिक पैकेज भी मिला। सियासी नजरिये से सभी दलों ने उनकी इस पहल को सिर आंखों पर बैठाया।
Advertisement