Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 22, 2026

सस्ता गल्ला विक्रेताओं का राशन वितरण का बहिष्कार जारी   

बागेश्वर। ढुलान और भाड़ा देने की मांग को लेकर सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं का राशन वितरण का बहिष्कार जारी है। विक्रेताओं ने भराड़ी में बैठक और प्रदर्शन कर सरकार से जल्द मांग पूरी करने को कहा। समस्याओं का निदान नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी। जिलाध्यक्ष गणेश सिंह रावत के नेतृत्व में सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने खाद्यान्न भंडार भराड़ी के प्रांगण में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। गल्ला विक्रेताओं ने निश्चित मानदेय देने, एनएफएसए का अंत्योदय के बराबर लाभांश देने और लाभांश को बढ़ाकर 200 रुपया प्रति कुंतल करने, विक्रेताओं को प्रति माह दुकान का किराया देने की मांग की। उन्होंने स्टेशनरी, इंटरनेट का खर्चा देने, पिछले दो वर्षों से कोरोना काल में बांटे गए मुफ्त राशन का लाभांश और भाड़ा जल्द देने, प्रत्येक गोदाम पर छोटे इलक्ट्रॉनिक तराजू के स्थान पर धर्मकांटा लगाने और गोदाम से दुकानों तक का भाड़ा बढ़ाने की मांग भी की। कहा कि जब तक सरकार उनकी इन जायज मांगों को गंभीरता से विचार कर पूरा नहीं करती तब तक विक्रेता न तो राशन उठाएंगे और नहीं वितरण करेंगे। इस मौके पर कोषाध्यक्ष नवीन आर्या, संतोष कांडपाल, प्रेम सिंह, शेर राम, नवीन चंद्र भट्ट, गोविंद सिंह शाही, त्रिलोक, महेश शाही आदि मौजूद रहे।

Advertisement