उम्मीद थी कि शायद इस बार तो रोजगार मिलेगा……….
देहरादून। इस बार की दिवाली भी शायद बेरोजगारी में बीतेगी। उम्मीद थी कि शायद इस बार तो रोजगार मिलेगा। जिससे दिवाली में खुशियां आएंगी। लेकिन सरकार और शिक्षा विभाग के अफसरों की अनदेखी ऐसा नहीं होने देगी। अब तक नियुक्ति ना होने से नाराज डायट डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगारों ने सोमवार को शिक्षा निदेशालय पर प्रदर्शन किया।
उन्होंने वहां पोस्टर लेकर अपनी जल्द नियुक्ति की मांग के लिए प्रदर्शन किया। ये भी चेतावनी दी है कि अगर जल्द नियुक्ति ना हुई तो बेरोजगार आमरण अनशन सहित तमाम आंदोलनों के लिए तैयार हो रहे हैं। डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगार दीक्षा राणा ने बताया कि शिक्षा मंत्री और निदेशालय के निर्देश के बाद भी डीईओ स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही। तीन माह से मैरिट तैयार करने के नाम पर मामले को लटकाया जा रहा है।
सितंबर में सरकार ने 20 दिन में नियुक्ति की बात कहकर आंदोलन खत्म करवाया था। लेकिन अब तक नियुक्ति नहीं हो पायी। एक साल से 28 हजार से ज्यादा प्रशिक्षित परेशान हैं। 19 अक्टूबर को भी अधिकारियों ने कोई ठोस जवाब नहीं दिया। जिससे प्रशिक्षितों में आक्रोश है। उन्होनें कहा कि निदेशालय में वे निदेशक से वार्ता ना होने तक डटे रहेंगे। इसके अगर इसके बाद भी उन्हें जल्द नियुक्ति का आश्वासन ना मिला तो वे मंगलवार से निदेशालय और डीईओ स्तर पर आंदेालन शुरू कर देंगे।
