Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

चकराता और आसपास के पहाड़ बर्फ से ढके


विकासनगर। चकराता में सुबह आठ बजे झमाझम बारिश शुरू होने के बाद दस बजे से हल्की बर्फबारी शुरू हुई। करीब एक घंटे तक कभी बारिश तो कभी बर्फ के फोये गिरते रहे। करीब साढ़े 11 बजे बाद चकराता बाजार में जमकर बर्फबारी शुरू हो गई जो दोपहर बाद भी जारी है। चकराता में बर्फबारी की सूचना पर राजधानी देहरादून से लेकर यूपी, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, दिल्ली सहित विभिन्न प्रदेशों से बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फबारी देखने पहुंचे। जहां पर्यटक देर शाम तक बर्फबारी का लुफ्त उठाते रहे। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से कालसी बाजार में करीब आधे घंटे से अधिक समय तक वाहनों का जाम लगा रहा। वहीं चकराता पुराना डाकघर के पास बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों के वाहन घंटों जाम में फंसे रहे।
चकराता की ऊंची पहाड़ियों पर मौसम का चौथा हिमपात और चकराता बाजार व आसपास के क्षेत्र में मौसम का पहला हिमपात हुआ है। सुबह साढ़े 11 बजे से झमाझम बर्फबारी दोपहर तीन बजे बाद भी जारी है। चकराता के आसपास की पहाड़ियों लोखंडी, लोहारी, देवबन, खडम्बा, मुंडाली, व्यास शिखर, कोटी कनासर, मोयला टॉप आदि क्षेत्रों में डेढ़ फीट से अधिक बर्फ गिरी है। जबकि चकराता बाजार में दोपहर तीन बजे तक छह इंच तक बर्फ जम चुकी है। देर शाम तक और अधिक बर्फबारी होने की संभावना है। उधर, बर्फबारी के बाद पूरा जौनसार बावर क्षेत्र शीत लहर की चपेट में हैं। क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ गयी है। भारी बर्फबारी के चलते व्यापारी दुकानों और लोग अपने घरों में दुबके हैं। लोग अगीठी व हीटर की आग सेककर ठंड से बचाव कर रहे हैं।

Advertisement