March 15, 2026

बागेश्वर में खंडहरनुमा भवन से मिला व्यक्ति का कंकाल


बागेश्वर । क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक खंडहरनुमा मकान से नेपाली मूल के व्यक्ति का कंकाल बरामद हुआ है। मृतक की पहचान नेपाली मजदूर के रूप में हुई है, जो पिछले सात महीनों से लापता बताया जा रहा था। कपकोट क्षेत्र में स्थित एक खंडहर में विनोद नेपाली रहता था। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से यहां अकेले रह रहा था और अचानक सात महीने पहले लापता हो गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया था। रविवार को कुछ बच्चे खंडहर के पास मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी दौरान उन्हें अंदर मानव कंकाल दिखाई दिया। बच्चों ने इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष प्रताप नागरकोटी ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके साथ काम करने वाले साथियों ने बताया कि कंकाल विनोद नेपाली का है, जो पिछले सात महीने से लापता था। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।