उत्तराखंड में 19 और 20 को फिर बदलेगा मौसम
हल्द्वानी । उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 19 और 20 मार्च को पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तेज बारिश और बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की गई है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 19 मार्च को राज्य के अधिकांश पर्वतीय जनपदों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात (बर्फबारी) हो सकती है। मैदानी जनपदों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बिजली कड़कने की स्थिति बनी रहेगी। वहीं 20 मार्च शुक्रवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के अधिकांश हिस्सों में मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इस दिन बर्फबारी की सीमा घटकर 3000 मीटर तक आ सकती है, जिससे इन क्षेत्रों में ठंड में इजाफा होगा। मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि अन्य पर्वतीय जिलों और मैदानी इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
