अब हर शनिवार को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, स्वच्छ बागेश्वर के लिए डीएम ने संभाली कमान
मंगल पैलेस से त्युनरा गधेरे तक चलाया सफाई अभियान, डीएम अपूर्वा पाण्डे ने स्वयं किया श्रमदान, आमजन से की सहयोग की अपील
बागेश्वर। नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने प्रत्येक शनिवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के लिए जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने शनिवार को स्वयं मैदान में उतरकर मंगल पैलेस से त्युनरा गधेरे तक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने श्रमदान कर नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया और नगर को साफ-सुथरा बनाए रखने में सामूहिक भागीदारी की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले विशेष अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और इसे जनआंदोलन बनाना है। उन्होंने नागरिकों से घरों एवं दुकानों से निकलने वाले कूड़े को निर्धारित कूड़ेदान में रखने तथा नगरपालिका के कूड़ा संग्रहण वाहन को ही सौंपने की अपील की। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, नदी-नालों और रास्तों में कूड़ा न फेंकने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरयू नदी के किनारे स्थित घाटों, गधेरों, सार्वजनिक रास्तों और जलस्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से न केवल नगर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों से प्रत्येक शनिवार को इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने भी लोगों से निर्धारित स्थानों और कूड़ा संग्रहण वाहनों में ही कूड़ा डालने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नगरपालिका की ओर से चालानी कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छता अभियान में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी के.के. जोशी, नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद जीना, जनप्रतिनिधि, सफाई कर्मचारी एवं अन्य संबंधित कार्मिक मौजूद रहे।
प्रशासन की इस पहल से अब हर शनिवार बागेश्वर में स्वच्छता का संदेश गूंजेगा। अभियान की सफलता नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करेगी।
