शुभ योगों में मनेगी दीपावली, मां लक्ष्मी की बरसेगी कृपा
शुभ योगों में मनेगी दीपावली, मां लक्ष्मी की बरसेगी कृपा
बागेश्वर । सुख-समृद्धि और धन-वैभव की कामना के साथ दीपावली का पर्व रविवार को मनाया जाएगा। इस बार दीपावली पर कई शुभ योग बन रहे हैं। ज्योतिषीय गणना के अनुसार अमावस्या तिथि का संयोग मध्यान्ह, प्रदोषकाल और महानिशाकाल में बन रहा है। ऐसे में मां महालक्ष्मी की आराधना के लिए यह दिन विशेष महत्व रखता है। ज्योतिषी अशोक वार्ष्णेय के अनुसार आठ नवंबर को सुबह 11:28 बजे अमावस्या तिथि प्रारंभ होगी, जो नौ नवंबर को दोपहर 12:32 बजे तक रहेगी। इस दौरान स्वाति नक्षत्र और आयुष्मान योग के साथ तुला राशि में सूर्य, बुध और चंद्रमा के संचरण से बुधादित्य और त्रिग्रही योग बनेंगे। इन शुभ संयोगों के चलते दीपावली पर महालक्ष्मी पूजन का विशेष महत्व रहेगा। उन्होंने बताया कि दीपावली पर प्रदोषकाल एवं वृषभ काल में शाम 5:27 से 7:46 बजे तक पूजन किया जा सकता है। वहीं महानिशाकाल का मुहूर्त रात 11:34 से 12:37 बजे तक और सिंह काल का मुहूर्त मध्यरात्रि 12:21 से रात 2:40 बजे तक रहेगा। दीपावली पूजन में भगवान गणेश और मां लक्ष्मी के साथ धन के देवता कुबेर की पूजा भी करनी चाहिए। मां लक्ष्मी की प्रसन्नता और धन की स्थिरता के लिए गन्ने का पूजन भी शुभ माना जाता है। हालांकि, पूजन परिवार की परंपरा और मान्यताओं के अनुसार किया जा सकता है।
