Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 6, 2026

त्योहारी सीजन में बागेश्वर पुलिस का एक्शन तेज, शराब पीकर गाड़ी चलाने वाला चालक गिरफ्तार; कार सीज, 22 वाहन चालकों पर कार्रवाई

ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत होटल-ढाबों और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी, 14 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, हुड़दंग और नियमों के उल्लंघन पर 05 लोगों के चालान

बागेश्वर। त्योहारी सीजन में जनपद की शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बागेश्वर पुलिस ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देश पर पुलिस की विभिन्न टीमों ने देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस की इस कार्रवाई में शराब के नशे में वाहन चलाने पर एक चालक को गिरफ्तार कर उसकी कार सीज कर दी गई, जबकि 22 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 05 नवंबर 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान यातायात पुलिस टीम ने वाहन संख्या UK 02 TA 3166 (कार) के चालक विजय सिंह निवासी बागेश्वर को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा। पुलिस ने मौके पर ही चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। वहीं, गंभीर यातायात नियमों के उल्लंघन पर 06 वाहनों के चालान माननीय न्यायालय के लिए प्रेषित किए गए।

संदिग्ध ठिकानों पर चला ऑपरेशन क्लीन स्वीप

त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने देर शाम ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ चलाया। इसके तहत होटल, ढाबों और विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर सघन चेकिंग की गई। बाहरी क्षेत्रों से आए व्यक्तियों और अपनी पहचान छिपाकर रहने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया, जिसमें 14 बाहरी व्यक्तियों का मौके पर सत्यापन किया गया।

हुड़दंगियों और बिना सत्यापन रहने वालों पर भी कार्रवाई

सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने, शांति व्यवस्था भंग करने तथा बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे कुल 05 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

नियम तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी कोई रियायत

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और समाज में अशांति फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग, सत्यापन और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।

बागेश्वर पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Advertisement