राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं को लेकर डीएम ने की बैठक, शीघ्र समाधान का दिया भरोसा
पिंडारी-कफनी ट्रेकिंग मार्गों के विकास, स्वास्थ्य एवं परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई चर्चा
बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने गुरुवार को जिला सभागार में राज्य आंदोलनकारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। बैठक में आंदोलनकारियों ने शासन एवं जिला स्तर पर लंबित विभिन्न प्रकरणों को उठाते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बैठक में राज्य आंदोलनकारियों ने संबोधन से संबंधित प्रकरणों में संशोधन, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और परिवहन व्यवस्था में सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषय उठाए। उन्होंने कहा कि जनपद बागेश्वर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इनका समुचित लाभ लेने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता है। आंदोलनकारियों ने पिंडारी और कफनी ग्लेशियर सहित अन्य हिमालयी ट्रेकिंग स्थलों को विकसित करने, ट्रेकिंग मार्गों की स्थिति सुधारने तथा पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
इसके अलावा बैठक में वन्यजीवों एवं जंगली जानवरों से होने वाली परेशानियों, भूमि संबंधी मामलों और अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आंदोलनकारियों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जताई।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से लिया गया है। जिला स्तर से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया जाएगा, जबकि शासन स्तर के लंबित मामलों को उचित माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि जनपद में पर्यटन विकास को गति देने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। पिंडारी और कफनी सहित विभिन्न ट्रेकिंग मार्गों को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी से जुड़े प्रस्तावों और उनकी प्रगति पर भी नियमित नजर रखी जा रही है, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि बैठक में प्राप्त सुझावों और शिकायतों का संबंधित विभागों से परीक्षण कराकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आंदोलनकारियों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल, अनिल चन्याल सहित राज्य आंदोलनकारी पूरन सिंह रावत, गंगा सिंह पांगती, लीलाधर पंडा, दान सिंह, रमेश पांडे, राजेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, नीमा दौफौटी, गोविंद भंडारी, भुवन चंद्र कांडपाल, हीरा बल्लभ भट्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
