ऑपरेशन प्रहार: बागेश्वर पुलिस का सख्त एक्शन, 35 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 12 के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान
होटल-ढाबों में देर शाम चलाया गया चेकिंग अभियान, 13 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन; नियम तोड़ने वालों को पुलिस की सख्त चेतावनी
गरुड़ (बागेश्वर)। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए बागेश्वर पुलिस का अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों और बिना सत्यापन रह रहे व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
इसी क्रम में 4 नवंबर 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 35 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें से छह वाहनों के चालान न्यायालय भेजे गए।
वहीं, देर शाम पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत होटल और ढाबों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बाहरी क्षेत्रों से आए 13 व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बाहरी क्षेत्रों से आकर अपनी पहचान छिपाकर या वेश बदलकर रहने वाले अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है।
इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने तथा बिना पुलिस सत्यापन के रहने वाले 12 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
नियम तोड़ने वालों को पुलिस की दो टूक चेतावनी
बागेश्वर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखें। शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग करने और कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने जैसी गतिविधियों से दूर रहें। यदि कहीं भी कोई व्यक्ति अशांति फैलाता या हुड़दंग करता दिखाई दे तो तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दें।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जनपद में शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने, यातायात नियमों की अनदेखी करने और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
