रिठाड़ बैंड पर भीषण सड़क हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा ईंटों से खाली ट्रक, चालक गंभीर रूप से घायल
भतड़िया में ईंट उतारकर गरुड़ लौट रहा था ट्रक, रिठाड़ बैंड पर मोड़ काटते समय हुआ हादसा; घायल चालक को बैजनाथ से जिला अस्पताल बागेश्वर किया गया रेफर
गरुड़ (बागेश्वर)। गरुड़ क्षेत्र के रिठाड़ बैंड पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी से ईंट लेकर गरुड़ पहुंचे एक ट्रक के खाली होने के बाद वापस लौटते समय ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK 04 CB 0335 शुक्रवार को हल्द्वानी से ईंट भरकर गरुड़ की ओर आ रहा था। दोपहर करीब 12 बजे ट्रक ने ग्राम भतड़िया में ईंटें उतारीं। इसके बाद चालक खाली ट्रक लेकर रिठाड़ के रास्ते गरुड़ की ओर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रिठाड़ बैंड पर मोड़ काटते समय ट्रक चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और ट्रक सड़क से नीचे गहरी ढलान में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक करीब 150 मीटर नीचे खाई में पहुंच गया।
हादसे में ट्रक चालक त्रिलोक सिंह (58 वर्ष), पुत्र गोविंद सिंह, निवासी पिंगलो, गरुड़ घायल हो गए। बताया जा रहा है कि चालक को क्षेत्र के इस मार्ग का अच्छा अनुभव था और वह प्रतिदिन इसी रास्ते से आवाजाही करता था। ऐसे में हादसे की खबर से स्थानीय लोग भी हैरान हैं।
सड़क पर खड़ी गाड़ी को बचाने के प्रयास में हादसे की आशंका
ट्रक में ईंटें उतरवाने वाले स्थानीय व्यक्ति बाली राम के अनुसार, दुर्घटना के समय रिठाड़ बैंड पर एक अन्य वाहन खड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि सड़क पर खड़े वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक मोड़ नहीं काट पाया और वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटनास्थल पर पहुंचकर दी पुलिस और एंबुलेंस को सूचना
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायल चालक को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने के प्रयास शुरू किए। घटना के प्रत्यक्षदर्शी एवं इस खबर के लेखक ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल कर एंबुलेंस की व्यवस्था कराने का प्रयास किया। हादसे की गंभीरता और घायल की स्थिति को देखते हुए समय गंवाए बिना स्थानीय लोगों की मदद से चालक को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया।
बैजनाथ अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का उपचार किया। इसके बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उसे जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, जिला अस्पताल में भर्ती चालक की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
हादसे के कारणों की जांच जरूरी
रिठाड़ बैंड पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर खतरनाक मोड़ों और सड़क किनारे अनियंत्रित तरीके से खड़े वाहनों से पैदा होने वाले जोखिमों को उजागर किया है। यदि सड़क पर खड़े वाहन के कारण यह दुर्घटना हुई है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। पहाड़ी सड़कों पर विशेषकर संकरे मोड़ों पर वाहनों की पार्किंग अन्य वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी ऐसे संवेदनशील मोड़ों पर अनावश्यक वाहन खड़े न करने तथा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की आवश्यकता जताई है।
फिलहाल घायल चालक के स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद है। दुर्घटना के कारणों को लेकर आगे की जांच और जानकारी का इंतजार है।
