Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 27, 2026

सुरक्षित व सुखद चारधाम यात्रा के लिए सरकार तैयार: पुष्कर सिंह धामी


हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को भूपतवाला स्थित नकलंक धाम के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया एवं श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह धाम सेवा के धाम के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने प्रदेश वासियों एवं कार्यक्रम में मौजूद विभिन्न राज्यों से आये लोगों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रामनवमी के मौके पर श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हो रहा है, यह शुभ संयोग और सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कथा सुनने का अवसर सौभाग्यशाली लोगों को ही मिलता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देव भूमि है। मई में उत्तराखण्ड में चार धाम यात्रा शुरू होगी। चारधाम यात्रा में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आयेंगे।  राज्य सरकार सुरक्षित चार धाम यात्रा को लेकर संकल्पबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि चार धाम यात्रा में आने वाले प्रत्येक यात्री को बेहतर से बेहतर सुविधा मिल सके। इसके लिए  उच्च स्तरीय बैठक की जा चुकी है। देवभूमि उत्तराखंड “अतिथि देवो भवः”के ध्येय वाक्य को अपनाकर सुरक्षित चार धाम यात्रा के लिए तैयार है, इसके लिए सभी व्यवस्था कर दी गई है। कार्यक्रम में आयोजनकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। इस दौरान पूर्व केबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद, नकलंक धाम के संस्थापक स्वामी राजेंद्र दास, जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे, एसएसपी डा.योगेंद्र रावत, संतगण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Advertisement