Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 22, 2026

पर्यटन, परिवहन विभाग ने बनाई वेबसाइट


बागेश्वर। जिलाधिकारी विनीत कुमार के निर्देश के बाद पर्यटन एवं परिवहन विभाग द्वारा वेबसाइट तैयार की है, जिसमें पिंडारी, सुंदरढूंगा, कफनी व नामिक ग्लेशियर जाने वाले पर्यटक, ट्रेकरों को अपना पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इस वेबसाइट में मौसम, ट्रैक रूट के अलावा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। बगैर पंजीकरण के ग्लेशियर जाने वालों पर कार्रवाई भी होगी। मालूम हो गत दिनों जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी व जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को वेबसाइट तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। जिसका प्रस्तुतीकरण रविवार को जिला कार्यालय में पर्यटन अधिकारी, परिवहन एवं सूचना विज्ञानअधिकारी द्वारा किया गया। जिलाधिकारी कुमार ने कहा कि वेबसाइट तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मानसून के बाद जो भी पर्यटक, ट्रैकर्स पिंडारी, सुंदरढूंगा, कफनी व नामिक ग्लेशियर की ओर जाएंगे उन्हें इस वेबसाइट में पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इससे प्रशासन के पास ग्लेशियरों की ओर जाने वाले पर्यटकों की पूर्ण संख्या, मोबाइल नंबर और निवास स्थान की जानकारी रहेगी। उन्होंने बताया कि वेबसाइट पर पर्यटकों को मौसम, ट्रेक रूट स्थिति, होमस्टे पर्यटन आवास गृह एवं मेडिकल सुविधाओं आदि की जानकारी भी मिल पाएगी। यहां मुख्य विकास अधिकारी संजय सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कृष्ण चंद्र पालरिया, निखिल शर्मा, सूचना विज्ञान अधिकारी अमित कुमार व पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्या रहीं।

Advertisement