March 7, 2026

कुमाऊँ कमिश्नर ने मंडल मुख्यालय में सुनी जन समस्याएं

नैनीताल ( आखरीआंख समाचार )  सचिव मुख्यमंत्री राजीव रौतेला ने तय शुदा कार्यक्रम के अनुसार गुरूवार को कमिश्नरी मुख्यालय में जन समस्याएं सुनी और उनका निराकरण भी किया। कुमाऊॅ मण्डल के जनपद नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, उधम सिंह नगर के दर्जनों फरियादियों ने पहुॅचकर अपनी समस्या उनके सम्मुख रखी।
बागेश्वर से आए काश्तकार देवेन्द्र सिंह मेहरा ने बताया कि बागेश्वर क्षेत्र के कुछ किसानों को कृषि भूमि पर अभी तक मालिकाना हक नहीं मिला है और न ही प्रशासन द्वारा पट्टे आवंटित किये गये है, जबकि माननीय उच्च न्यायालय ने शासन को कमेटी गठित करते हुए संवैधानिक तरीके से पात्र किसानों को कृषि भूमि के पट्टे आवंटित करने के निर्देश दिये हैं, बावजूद इसके कार्यवाही नहीं हो पा रही है। सचिव श्री रौतेला ने कहा कि इस सन्दर्भ को शासन के संज्ञान में लाकर यथाशीघ्र कार्यवाही की जायेगी।
बार एसोशिएशन नैनीताल के अध्यक्ष ओमकार गोस्वामी तथा सचिव अरूण बिष्ट ने संयुक्त रूप से पत्र देकर जिला न्यायालय नैनीताल में राज्य उपभोक्ता फोरम की बैंच गठित करने तथा सीबीआई और कस्टम न्यायालय की स्थापना तथा जिला बार एसोशिएशन के अधिवक्ता गणों के लिए प्रस्तावित चैम्बर के लिए आर्थिक मदद दिये जाने का प्रार्थना पत्र दिया। नर्सेज़ फाउण्डेशन हल्द्वानी नैनीताल के अध्यक्ष बब्लू जय, उपाध्यक्ष देवेन्द्र प्रसाद, सविच कैलाश चन्द्र ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री को सम्बोधित पत्र सचिव को सौंपते हुए अनुरोध किया कि उत्तराखण्ड के सरकारी अस्पतालों मे नर्सिंग सम्वर्ग के रिक्त पदों पर प्रशिक्षित नर्सों की शीघ्र नियुक्ति की जाये। ग्राम प्रधान नलनी के साथ क्षेत्र पंचायत सदस्य गिरीश बहुखण्डी, गणेश सिंह मेहरा के अलावा महेन्द्र सिंह अधिकारी तथा निर्मल सिंह ने संयुक्त रूप से पत्र देकर ग्राम पंचायत नलनी में मोटर मार्ग शीघ्र बनाये जाने के सम्बन्ध में पत्र दिया, आवेदन कर्ताओं ने श्री रौतेला को बताया कि ग्राम पंचायत नलनी के लिए नैनीताल कालाढुंगी मोटर मार्ग के किलो मीटर बीस से नलनी और कलगाॅव आदि के लिए प्रान्तीय खण्ड लोनिवि द्वारा विगत कई वर्षों से मार्ग प्रस्तावित है, सड़क के न होने से जहाॅ लोगोें को अवागमन की असुविधा है वहीं मरीजों एवं कृषि उपज को लाने में असुविधा है। उत्तराखण्ड देवभूमि क्रान्तिकारी मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष केएल आर्या ने बताया कि सितम्बर में बलिया नाला में भू-स्खलन के कारण हरिनगर रईस होटल, आबादी वाले क्षेत्रों के नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के लिए शीघ्र ही लौहे के एंगल व तारबाड़ की व्यवस्था करायी जाये।
सविच मुख्यमंत्री एवं आयुक्त कुमाऊॅ मण्डल राजीव रौतेला ने प्राप्त सभी आवेदन अपर आयुक्त प्रशासन संजय खेतवाल को सौंपते हुए निर्देश दिये कि सभी आवेदनों का अभिलेखीकरण किया जाये तथा शासन के उच्चाधिकारियों से पत्राचार करते हुए प्रभावी अनुश्रवण भी किया जाये। श्री रौतेला ने बताया कि कुमायू मण्डल की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए दूर-दराज के शिकायत कर्ता जोकि मण्डल मुख्यालय नहीं पहुॅच सकते वह अपनी शिकायत समाधान पोर्ट, मोबाईल एप पर भी दर्ज करा सकते हैं। इन माध्यमों से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं पर भी प्रभावी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजीव जोशी को निर्देश दिये कि वह शिकायतों एवं समस्याओं को दर्ज करने के लिए शिकायती एप, ई-मेल आईडी तथा वेबसाईट बनाकर तीन दिन के भीतर सार्वजनिक करें ताकि लोग अपनी शिकायते एवं समस्याएं आॅनलाईन दर्ज करा सकें। श्री रौतेला ने कहा कि वह जन साधारण के बीच जाकर भी जन समस्याएं सुनेंगे ताकि जनता के साथ उनका दोतरफा सवंाद कायम हो और क्षेत्र व जनता की समस्याएं उनके पास तक पहुॅचे। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण के लिए सरकार व शासन पूरी तरह तत्पर है।