Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 15, 2026

सड़क निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाया


विकासनगर। लोक निर्माण विभाग द्वारा लक्ष्मीपुर में किए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक विभागीय अधिकारी निर्माण कार्य का निरीक्षण नहीं करते तब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा। मंगलवार को सड़क निर्माण स्थल पर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि निर्माण के नाम पर लीपापोती की जा रही है। लक्ष्मीपुर का मुख्य मार्ग होने के कारण इस पर ग्रामीणों के वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। इसके साथ ही गांव में निर्माण सामग्री ले जाने वाले बड़े वाहन भी इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। बताया कि सड़क निर्माण के दौरान मिट्टी के ऊपर बिना तारकोल वाली बजरी बिछाकर पेंटिंग की जा रही है। सड़क पर मिट्टी अधिक मात्रा में है, उसे साफ नहीं किया जा रहा है। जिससे हल्की बारिश में सड़क से पेंटिंग उखड़ जाएगी। कहा कि लोनिवि अधिकारियों से कई बार निर्माण कार्य का निरीक्षण करने को कहा गया लेकिन अधिकारी निर्माण स्थल पर नहीं पहुंच रहे हैं। मंगलवार को भी ग्रामीणों ने अधिकारियों का कई घंटे तक इंतजार किया लेकिन कोई भी अधिकारी निर्माण स्थल पर नहीं पहुंचा। अधिकारियों के लापरवाह रवैए से जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन कर निर्माण कार्य रुकवा दिया। प्रदर्शन करने वालों में गुरुमेल सिंह राठौड़, बलवीर सिंह राणा, नरेंद्र सिंह राणा, हरनाम सिंह लगवाल, दिनेश राठौड़, संजय कुमार, सचिन कुमार, सुनील कुमार, प्रदीप कुमार, अजीत सिंह, सिद्धार्थ, अभिषेक डोगरा, रितिक लगवाल आदि शामिल रहे।

Advertisement