Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

एक ही ग्रुप में भारत-पाकिस्तान! जय शाह ने जारी की टूर्नामेंट की सूची


नई दिल्ली,। एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जय शाह ने 2023 और 2024 में होने वाले टूर्नामेंट की सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में फैंस की सबसे पहली नजर इस साल पाकिस्तान में आयोजित एशिया कप 2023 पर पड़ी। जय शाह के ट्वीट के अनुसार सितंबर में एशिया कप वनडे प्रारूम में खेला जाएगा जिसमें भारत और पाकिस्तान की टीमें एक ही ग्रुप में होगी, वहीं अन्य ग्रुप में गत चैंपियन श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान में होगा कि नहीं। दरअसल, इस टूर्नामेंट की मेजबानी अधिकारिक रूप से पाकिस्तान के पास है, मगर बीसीसीआई सचिव होने के नाते जय शाह पहले ही साफ कर चुके हैं कि टीम इंडिया पाकिस्तान नहीं जाएगी।
जय शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा ‘2023 और 2024 के लिए एसीसी का पाथवे स्ट्रक्चर और क्रिकेट कैलेंडर पेश कर रहा हूं! यह इस खेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे अद्वितीय प्रयासों और जुनून को दर्शाता है। शानदार प्रदर्शन के लिए तैयार देशों के क्रिकेटरों के साथ, यह क्रिकेट के लिए एक अच्छा समय होने का वादा करता है!’
एशिया कप 2023 में लीग स्टेज, सुपर-4 और फाइनल मिलकर कुल 13 मुकाबले खेले जाएंगे, हालांकि अभी तक इस टूर्नामेंट का शेड्यूल सामने नहीं आया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले जय शाह ने एनुअल जनरल मीटिंग (एजीएम) में साफ कर दिया था कि एशिया कप के लिए भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी और इस टूर्नामेंट को न्यूट्रल वेन्यू पर शिफ्ट किया जाएगा। बीसीसीआई सचिव के इस बयान के बाद पूरे पाकिस्तान में हडक़ंप मच गया था। पाकिस्तान में लंबे समय बाद बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट की वापसी होने जा रही है और टूर्नामेंट से पहले ये बयान मेजबानों के लिए काफी बड़ा झटका है। जय शाह के बयान के बाद पाकिस्तान से यह भी बयान सामने आए थे कि अगर इंडिया इस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान नहीं आएगी तो उनकी टीम भी वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारत नहीं जाएगी।
बता दें, भारतीय क्रिकेट टीम 2008 के बाद से पाकिस्तान नहीं गई है। 2008 एशिया कप के लिए भारतीय टीम आखिरी बार पाकिस्तान गई थी। दोनों देशों के बीच खराब राजनीतिक संबंधों के चलते लंबे समय से द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है। भारत और पाकिस्तान के बीच मैच आईसीसी टूर्नामेंट्स और एशिया कप के दौरान ही खेले जाते हैं।
00

(पुणे)सैमसन की जगह जितेश टीम में शामिल
पुणे 05 जनवरी,। भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन बाएं घुटने में चोट लगने के कारण श्रीलंका के खिलाफ टी20 शृंखला से बाहर हो गये हैं और उनकी जगह जितेश को टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने देर रात इसकी पुष्टि की।
बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने बताया कि सैमसन को यह चोट पहले टी20 मैच में फील्डिंग करते हुए लगी। सैमसन ने मुंबई में मंगलवार को हुए मुकाबले में कैच पकडऩे के प्रयास में छलांग लगायी थी। उन्होंने पहले प्रयास में गेंद को पकड़ लिया, हालांकि जोर से गिरने के कारण गेंद उनके हाथ से छूट गयी। उन्होंने मैच में फील्डिंग करना जारी रखा लेकिन बाद में घुटने में सूजन होने के कारण उन्हें मेडिकल जांच लेने के लिये कहा गया।
शाह ने बताया कि जांच के बाद सैमसन को आराम करने और रिहैब से गुजरने की सलाह दी गयी है।
सैमसन की जगह टीम में आये जितेश को पहली बार भारतीय स्चड में शामिल किया गया है। आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिये खेलने वाले जितेश घरेलू क्रिकेट

76 टी20 मैच खेलकर 147.93 के स्ट्राइक रेट से 1787 रन बना चुके हैं।
बुखार के कारण पहले टी20 से बाहर रहने वाले अर्शदीप सिंह दूसरे टी20 में चयन के लिये उपलब्ध हैं। अर्शदीप की गैरमौजूदगी में भारत ने पहले मुकाबले में शिवम मावी को खिलाया था, जिन्होंने अपने पदार्पण को यादगार बनाते हुए चार ओवर में 22 रन देकर चार विकेट लिये थे।
अर्शदीप का फिट होना टीम प्रबंधन के लिये चयन दुविधाओं का कारण बन सकती है। भारतीय गेंदबाजों ने मैच में अच्छा प्रदर्शन किया और 162 के स्कोर का बचाव करने में सफल रहे। मावी के अलावा युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने भी अपने चार ओवरों में दो सफलताएं हासिल करते हुए सिर्फ 27 रन दिये थे, हालांकि हर्षल पटेल (चार ओवर, 41 रन, दो विकेट) अपेक्षाकृत महंगे साबित हुए थे।
भारत ने पहला मैच जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। टी20 शृंखला का दूसरा मैच यहां एमसीए स्टेडियम में गुरुवार को खेला जायेगा, जबकि तीसरा टी20 सात जनवरी को राजकोट में आयोजित होगा।
श्रीलंका टी20 के लिये भारतीय टीम : हार्दिक पांड्या (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (उपकप्तान), दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, उमरान मलिक, शिवम मावी, मुकेश कुमार।

Advertisement