Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

सूर्यकुमार यादव की बादशाहत बरकरार, हेल्स ने लगाई बड़ी छलांग


दुबई । भारत के 360 डिग्री बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव टी20 विश्व कप 2022 में शानदार प्रदर्शन के दम पर बल्लेबाजों की टी20 रैकिंग में नंबर एक पर बरकरार हैं, जबकि इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स बड़ी छलांग लगाकर 12वें स्थान पर आ गये हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से बुधवार को जारी ताजा रैंकिंग के अनुसार सूर्यकुमार की रेटिंग हालांकि 869 अंकों से गिरकर 859 पर आ गयी है, लेकिन वह अभी भी दूसरे स्थान पर मौजूद मोहम्मद रिज़वान (836) से 23 पॉइंट आगे हैं।
सूर्यकुमार ने टी20 विश्व कप की छह पारियों में कुल तीन अर्द्धशतक जड़ते हुए 59.75 की औसत और 189.68 के स्ट्राइक रेट के साथ 239 रन बनाये। दूसरी ओर, भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में 47 गेंदों पर नाबाद 86 रन बनाने वाले हेल्स टी20 रैंकिंग में 22 पायदान की छलांग लगाकर 12वें स्थान पर आ गये। वह टूर्नामेंट में 42.40 की औसत से 212 रन बनाकर इंग्लैंड के लिये सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे। इसी साल इंग्लैंड की टीम में वापसी करने वाले हेल्स 2022 में 30.71 की औसत और 145.27 के स्ट्राइक रेट से 430 रन बना चुके हैं।
इसी बीच, पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म और दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज राइली रूसो ने भी टी20 के शीर्ष 10 में जगह बनायी है। बाबर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में मैच जिताऊ अर्धशतक बनाया और एक स्थान की छलांग लगाते हुए नंबर तीन पर पहुंच गये। न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स के आठवें स्थान पर खिसकने के कारण रूसो भी सातवें स्थान पर पहुंच गये। रूसो ने टी20 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार शतक लगाया था।
टी20 गेंदबाजों की सूची में इंग्लैंड के लेग-स्पिनर आदिल रशीद ने बड़ी छलांग लगाई है। रशीद भारत के खिलाफ सेमीफाइनल (20 रन, एक विकेट) और पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल (22 रन, दो विकेट) में किये गये प्रदर्शन की बदौलत पांच पायदान की बढ़त के साथ तीसरी रैंकिंग पर पहुंच गये हैं। रशीद के हमवतन और टी20 विश्व कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सैम करेन पांचवें नंबर के टी20 गेंदबाज बन गये हैं, जबकि श्रीलंका के वानिंदू हसरंगा शीर्ष रैंकिंग पर बरकरार हैं।
ऑलराउंडर रैंकिंग में भारतीय हरफनमौला हार्दिक पांड्या तीसरे स्थान पर हैं जबकि बंगलादेश के कप्तान शाकिब अल हसन शीर्ष पर और अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी दूसरे स्थान पर हैं।

Advertisement