Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 3, 2026

एम्स ऋषिकेश में लोगों को मिलेगी फ्री इंटरनेट सेवा, निशुल्क वाईफाई सेवा शुरू


ऋषिकेश। एम्स ऋषिकेश में मरीजों को अब इंटरनेट सुविधा के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। मरीजों के हित में संस्थान में पीएम वाणी हाई स्पीड इंटरनेट सेवा शुरू करने की तैयारी हो गई है। यह सुविधा मरीजों को निशुल्क उपलब्ध होगी और सम्पूर्ण ओपीडी और आईपीडी एरिया में यह वाई-फाई नेटवर्क कार्य करेगा। बुधवार को एम्स ऋषिकेश के मेडिकल ब्लॉक में पीएम वाणी हाई स्पीड इंटरनेट सुविधा के ट्रॉयल रन का उद्घाटन कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के शुरू हो जाने से मरीजों को एम्स कैम्पस में 24 घंटे वाई-फाई कनेक्टिविटी की सुविधा प्राप्त हो सकेगी। उन्होंने कहा कि हाई स्पीड की इस इंटरनेट सुविधा से मरीजों को अपना पंजीकरण कराने, विभिन्न जांच रिपोर्टों और इलाज से संबन्धित अन्य डाटा को जल्द डाउनलोड करने सहित मोबाइल डाटा से संबंधी अन्य मामलों में कनेक्टिविटी का सीधा लाभ प्राप्त होगा। शुरुआती चरण में निशुल्क नेटवर्क सेवा की यह सुविधा अस्पताल के ओपीडी एरिया और आईपीडी एरिया में प्रदान करने की योजना है। बाद में इस सुविधा से संस्थान के अन्य एरिया को भी जोड़ा जाएगा। दूर संचार विभाग मेरठ मंडल के वरिष्ठ उप महानिदेशक देव कुमार चक्रवर्ती ने कहा कि केन्द्र सरकार की उच्च गति की यह इंटरनेट सुविधा विशेषतौर से भीड़-भाड़ वाले स्थानों, सघन आबादी वाले क्षेत्रों और कमजोर नेटवर्क वाले स्थानों के लिए लाभकारी है। मौके पर डीन एकेडमिक प्रो. जया चतुर्वेदी, उप निदेशक प्रशासन ले. कर्नल एआर मुखर्जी, आदि उपस्थित रहे।

Advertisement