March 9, 2026

राहुल की सदस्यता समाप्त होना, लोकतंत्र की हत्या : हरक सिंह


हरिद्वार। पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि जिस प्रकार राहुल गांधी की संसद सदस्यता भाजपा ने समाप्त की है, इससे लोकतंत्र खतरे में आ गया है। सीधे-सीधे यह लोकतंत्र की हत्या की गई है। बीजेपी ने सबसे बड़ी गलती राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त कर की है। भाजपा इसकी भरपाई नहीं कर पाएगी। रविवार को हरक सिंह रावत ने बहादराबाद थाने में कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए यह बात कही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात को रखने के लिए सत्याग्रह करना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर थाने ले आई। यह दुर्भाग्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस से डर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता थाने और जेल से डरने वाले नहीं है। कांग्रेसियों ने आजादी में भी जेल काटी और बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के सितम से कांग्रेस को ताकत मिलेगी। कांग्रेस नेत्री अनुकृति रावत ने कहा कि जिस प्रकार भारतीय जनता पार्टी दमनकारी नीति अपना रही है, यह लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि सत्याग्रह को अब आंदोलन का रूप दिया जाएगा। इस दौरान इंटक गढ़वाल मंडल अध्यक्ष एडवोकेट राकेश राजपूत, विमला पांडे, धर्मेंद्र कौशिक, सुनील चौहान, जसवंत चौहान, विजय चौहान, गौरव आदि मौजूद थे।

You may have missed