प्रधान का हाईस्कूल प्रमाण पत्र निकला फर्जी,डीएम ने किया निलंबित
पौड़ी। पौड़ी जिले के ब्लाक द्वारीखाल के घण्डालू ग्राम प्रधान का हाईस्कूल का प्रमाण पत्र जांच में फर्जी पाए जाने के बाद डीएम ने प्रधान को निलंभित कर दिया है। साथ ही ग्राम प्रधान की वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगा दी है। डीएम ने मामले में जिला विकास अधिकारी को अंतिम जांच सौंपते हुए माह भर में रिपोर्ट देने को कहा है। डीएम ने ग्राम प्रधान की अंतिम जांच रिपोर्ट आने तक ग्राम सभा के कामों को करने के लिए ग्राम पंचायत सदस्यों की तीन सदस्यीय समिति भी गठित की है। इस समिति को ग्राम सभा के सभी तरह के कामों को करने के लिए अधिकृत किया गया है। इससे पूर्व कल्जीखाल ब्लाक की ग्राम सभा बेडगांव में विकास कार्यों में अनियमितता उजागर होने पर ग्राम प्रधान बेडगांव को भी डीएम ने निलंबित कर दिया था।
