Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 19, 2026

सुरेंद्र नेगी के समर्थक भी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे  


ऋषिकेश। मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल से जुड़ा मारपीट का प्रकरण एक बार फिर गर्माने लगा है। इस प्रकरण में एक दिन पहले भाजपाइयों ने सुरेंद्र नेगी और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी। वहीं, शनिवार को नेगी की पत्नी दमयंती और उनके साथ पहुंचे लोगों ने कुछ लोगों पर सोशल मीडिया में आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड कर उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पहुंची पीड़ित सुरेंद्र सिंह नेगी की पत्नी दमयंती ने बताया कि मंत्री के खिलाफ गुमानीवाला में हुई महापंचायत के बाद मंत्री और उनके समर्थकों में बौखलाहट बढ़ गई है। मनगढ़ंत आरोप लगाते हुए उनके पति और समर्थकों पर केस दर्ज कराने का दबाव पुलिस पर बना रहे हैं। सुरेंद्र सिंह नेगी की पत्नी के समर्थन में कोतवाली पहुंचे भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष यशवंत रावत ने पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने मंत्री के समर्थक कौशल बिजल्वाण और विपिन कुकरेती पर सुरेंद्र के साथी धर्मवीर प्रजापति के खिलाफ फेसबुक में पोस्ट अपलोड करने का आरोप लगाया। कहा कि उक्त पोस्ट से सामाजिक और धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। लिहाजा उक्त लोगों पर कार्रवाई की जाए। वहीं, एक अन्य समर्थक कमल सिंह निवासी गुमानीवाला ने शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि पीड़ित सुरेंद्र नेगी और उनके परिजनों, मित्रों को मंत्री के मारपीट करने की घटना के बाद से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने जानमाल की सुरक्षा की गुहार पुलिस से लगायी है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक डीपी काला ने बताया चार शिकायती पत्र मिले हैं। छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।

Advertisement