उत्तराखंड सरकार किसानों को फ्री बिजली दे: टिकैत
हरिद्वार। रोड़ीबेलवाला मैदान में रविवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की महापंचायत होगी। सुबह से दोपहर तक होने वाली महापंचायत के दौरान चिंतन शिविर के दो दिनों में आए किसानों के विभिन्न मुद्दों पर पारित प्रस्तावों की घोषणा की जाएगी। घोषित प्रस्तावों को सरकार को भेजा जाएगा। रविवार को भाकियू (टिकैत) का तीन दिवसीय किसान चिंतन शिविर भी संपन्न होगा। शनिवार को भाकियू (टिकैत) के चिंतन शिविर के दूसरे दिन भी किसानों के विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए विचार-विमर्श किया गया। राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार को अन्नदाता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उत्तर प्रदेश में भाजपा की योगी सरकार किसानों को फ्री बिजली उपलब्ध करा रही है। यूपी की तर्ज पर भाजपा की उत्तराखंड सरकार किसानों को फ्री बिजली दे, ताकि किसानों का लाभ हो सके। उत्तराखंड में चीनी मिलों पर किसानों का गन्ने का करोड़ों रुपये बकाया है। किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान तत्काल किया जाए। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट और एमएसपी कानून लागू किया जाए। इन मुद्दों को लेकर चिंतन शिविर में किसान चर्चा कर रहे हैं। पहाड़ी राज्यों के किसानों को उनकी फसलों का सही दाम नहीं मिल पाता है। यह मुद्दा भी शिविर में किसानों ने रखा है। इस दौरान राजबीर सिंह, बलराम सिंह, घनश्याम, विजय शास्त्री, राजपाल सिंह, शोभाराम ठाकुर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
