March 15, 2026

गरुड़ में आधार केंद्र खोलने की मांग मुखर


बागेश्वर गरुड़ । सिविल सोसायटी ने गरुड़ में बंद पड़े आधार केंद्रों को खोलने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में कॉमन सर्विस सेंटर को आधारकार्ड का काम दिए जाने की मांग की है। इस संबंध में सिविल सोसायटी ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। रविवार को उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे को सौंपे ज्ञापन में सिविल सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा है गरुड़ की आबादी एक लाख से अधिक है। वर्तमान में यहां एक ही आधार केंद्र संचालित है। शेष आधार केंद्र बंद पड़े हैं। जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। आधार कार्ड के बिना लोगों के कई काम अटके हैं। इस दौरान उन्होंने शीघ्र अन्य केंद्रों को भी खुलवाने की मांग की। कहा दूरस्थ गोमती और लाहुर घाटी के लोग तीस किमी की दूरी तय कर गरुड़ आते हैं, लेकिन यहां एक ही आधार केंद्र होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ता है। एक दिन में 20-25 लोगों का ही काम होता है। जिससे उनके समय व धन की काफी बर्बादी होती है। यहां सोसायटी के अध्यक्ष उमाशंकर भाकुनी, सचिव हरीश कुमार आदि रहे।